अस्पताल के नल से भरी बोतल, अंदर रेंगते मिला सांप का बच्चा, मरीज के हाथ-पांव फूले, वीडियो वायरल
अस्पताल में भर्ती मरीज को प्यास लगने पर जब अटेंडर नल से बोतल में पानी भरकर लाया तो नज़ारा देखकर उसके होश उड़ गए। क्योंकि बोतल में जहरीले सांप का बच्चा था, जो पानी में रेंगते हुए मिला। खबर सामने आते ही हड़कंप मच गया। वहीं व्यवस्थाओं की भी पोल खुल गई। हैरान करने वाला ये मामला एमपी के गुना जिला अस्पताल का है। बताया गया की पानी की बोतल में सांप का बच्चा दिखने से सर्जिकल वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। मरीज और उनके परिजन दहशत में आ गए।
बताया गया की छीरखेड़ा गांव निवासी देवेंद्र धाकड़ के परिजन अस्पताल में भर्ती हैं। उनके अटेंडर मरीज के लिए पीने का पानी लेने परिसर में स्थित शिव मंदिर के पास लगी टोंटी पर गए थे। बोतल में पानी भरकर जैसे ही वार्ड में पहुंचे और मरीज को देने लगे। तभी उनकी नजर बोतल के अंदर रेंग रहे सांप के बच्चे पर पड़ी। जिससे उनके हाथ-पांव फूल गए। वार्ड में मौजूद अन्य लोग भी दंग रह गए। फतेहगढ़ निवासी सुंदर सेन ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस घटना ने स्वच्छता और सुरखा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि परिसर की मुख्य ओवरहेड टंकी या पाइपलाइन के अंदर सांप का कुनबा हो सकता है। इस घटना के सामने आने के बाद कई तरह के सवाल गहरा रहे हैं।
हालांकि अव्यवस्थाओं को लेकर लगातार गुना जिला अस्पताल पर सवाल खड़े होते रहते हैं। गंदगी समेत पेयजल की शिकायतें सामने आती रहती हैं। इस गंभीर लापरवाही के बाद मरीजों के परिजनों में भारी आक्रोश है। लोगों के मुताबिक गनीमत की बात यह है की समय रहते बोतल पर नज़र पड़ गई। परिजनों ने पूरे मामले की जांच कराये जाने और पेयजल स्रोतों की तत्काल सफाई कराने की मांग की है। ये मामला अपने आप में काफी गंभीर है देखने वाली बात होती है की इस पर क्या ठोस कदम उठाये जाते हैं।------