Sagar- लगी आज फिर सावन की वो झड़ी है, जाने आगे कैसा रहेगा मौसम | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले में इस सावन लगभग 15 दिन बदरा बरसे यही और अभी भी पिछले दो दिनों से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। गुरुवार सुबह से आसमान में काल-घने बादल छाए हुए हैं। रुक-रुककर बारिश हो रही है। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में भी बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में जिले के मालथौन में डेढ इंच से अधिक बारिश हुई।
बंडा में एक इंच और सागर में करीब आधा इंच पानी गिरा। बारिश से वातावरण में ठंडक घुली है। दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। इस समय सागर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम पारा 23 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। बारिश के सीजन में अब तक जिले की सामान्य बारिश की तुलना में 50.6 प्रतिशत पानी गिरा है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के असर से बारिश का दौर शुरू हुआ है। सागर संभाग समेत जिले के अलग-अलग हिस्सों में अगले 24 घंटे पानी गिरने की संभावना है। रक्षाबंधन त्योहार पर भी बारिश हो सकती है।
सागर में बारिश के इस सीजन में अब तक जिले में 623.7 मिमी यानी 24.6 इंच औसत बारिश हो चुकी है। जबकि जिले की सामान्य बारिश 1230.5 मिमी यानी 48.4 इंच है।
इस प्रकार बारिश के सीजन के शेष दिनों में जिले की सामान्य बारिश का कोटा पूरा करने के लिए अभी भी 23.8 इंच औसत बारिश की जरूरत है। पिछले साल 27 अगस्त तक जिले में 38.7 इंच औसत बारिश हो चुकी थी। पिछले साल की तुलना में इस वर्ष अब तक 36 प्रतिशत कम पानी गिरा है।