डैम पर मछली पकड़ने गए तीन दोस्तों में से दो डूबे, एक तैरकर आया बाहर, रेस्क्यू में एक मिला एक लापता
बारिश के मौसम में तीन युवक डैम पर मछली पकड़ने गए हुए थे। जिनमें से दो युवक गहरे पानी में डूब गए और उनकी जान चली गयी। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय गोताखोर और एसडीईआरएफ की टीम ने काफी देर तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। लेकिन अंधेरा होने से परेशानी हुई और दोनों का कुछ पता नहीं चल पाया था। घटना मुरैना जिले के कोतवाल डैम से सामने आई है। जहां ग्वालियर के दो युवकों के साथ हादसा हुआ।
बताया जा रहा है की तीन युवक ग्वालियर से मछली पकड़ने आए थे। जो जाल बिछाते समय गहरे पानी में चले गए। जिनमें से एक युवक तैरकर बाहर आ गया। जबकि उसके दो साथी डैम में ही डूब गए। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। SDRF ने रेस्क्यू करते हुए तलाश की और अगले दिन एक युवक की बॉडी बरामद की जबकि दूसरे तलाश जारी थी।
जानकारी के मुताबिक ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव निवासी 25 साल का इरशाद खान, 30 साल का अशोक खान और उराहना गांव निवासी ओवेश खान बीते बुधवार को कोतवाल डैम पर मछली पकड़ने पहुंचे थे। डैम इन दिनों लबालब है। जिसके दो गेट भी खोले गए थे। तीनों युवक डैम के पिछले हिस्से में हुराई भूमिया मंदिर तरफ जाल बिछाने पहुंचे। तभी तीनों गहरे पानी में चले गए। ओवेश ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली।
लेकिन इरशाद और अशोक पानी में डूब गए। ओवेश ने दोनों को बचाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुआ। इसके बाद उसने माता बसैया थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों के साथ SDRF ने भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन काफी देर तक उनका सुराग नहीं मिला। इसके बाद गुरुवार को रेस्क्यू कर इरशाद की बॉडी बरामद की, लेकिन अशोक का पता नहीं चला। खबर पढ़े जाने तक रेस्क्यू जारी था।