नाले का पानी पुल के ऊपर, सुबह 5 बजे से रोड बंद, टीकमगढ़-झांसी NH-37 पर जलभराव से थमा यातायात!
एमपी के टीकमगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। रातभर हुई तेज बारिश के बाद जिले के नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। कई रिपटा, पुल और पुलियाओं के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन रोकना पड़ा है। सबसे ज्यादा असर टीकमगढ़-झांसी मार्ग पर देखने को मिला, जहां पानी आने के बाद झांसी रोड को बंद कर दिया गया। टीकमगढ़-झांसी NH-37 पर दिगौड़ा के पास पूनौल नाले में पानी पुल के करीब दो फीट ऊपर से बह रहा है। पानी का बहाव तेज होने के कारण किसी भी वाहन को यहां से गुजरने की अनुमति नहीं दी जा रही। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे से ही मार्ग बंद है।
वहीं, हीरानगर बावरी के पुल पर भी पानी आने से झांसी रोड पर यातायात प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के चलते जिले के कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले रास्तों पर भी परेशानी बढ़ गई है। जलभराव और उफनते नालों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। टीकमगढ़ कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नालों और सड़कों पर बढ़ते पानी की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि पानी के तेज बहाव वाले पुल, पुलिया और रिपटा पार करने का जोखिम न उठाएं। खासकर दोपहिया और छोटे वाहनों से जलमग्न रास्तों को पार करने से बचने की सलाह दी गई है। बारिश का दौर जारी रहने के कारण प्रशासन लगातार नदी-नालों के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल टीकमगढ़-झांसी मार्ग पर यातायात बंद है और लोगों को पानी कम होने तक इंतजार करना पड़ रहा है।