सागर में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल! दुकानों से पेट्रोल पंप तक पहुंची ‘जनता की आवाज’
सागर में महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी अभियान के तहत मोर्चा खोल दिया। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश और जिला शहर कांग्रेस के आह्वान पर गुरुवार, 27 अगस्त को शहर के तीनों ब्लॉकों में ‘महंगाई के खिलाफ जनता की आवाज’ अभियान चलाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के साथ बाजारों में पहुंचकर दुकानदारों, व्यापारियों और राहगीरों से महंगाई को लेकर संवाद किया। ब्लॉक क्रमांक-1 में अध्यक्ष हेमराज रजक, ब्लॉक क्रमांक-2 में एडवोकेट वीरेंद्र राजे और ब्लॉक क्रमांक-3 में अध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। चाय की दुकानों, होटलों, किराना दुकानों और पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर लोगों से रोजमर्रा की बढ़ती कीमतों को लेकर उनकी राय जानी गई।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि महंगी चीनी और खाद्य सामग्री का असर सीधे चाय और मिठाइयों के दामों पर पड़ रहा है। वहीं पेट्रोल की कीमतों का हवाला देते हुए कहा गया कि लोग जरूरत के मुताबिक 10, 25 और 50 रुपए का पेट्रोल डलवाकर काम चला रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में ‘खा गई शक्कर, पी गया तेल, यह देखो भाजपा का खेल’ जैसे नारे भी लगाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण लोगों की क्रय शक्ति कमजोर हुई है और इसका असर बाजारों पर भी दिखाई दे रहा है। उनका कहना था कि त्योहारों के दौरान भी बाजारों में अपेक्षित भीड़ नहीं है और महंगे घरेलू सामान ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता महंगाई से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की इस लड़ाई को सड़क से सदन तक उठाएगी और हर वार्ड में पहुंचकर लोगों की आवाज बुलंद करेगी। ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र राजे ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को महंगाई के लिए जिम्मेदार बताया। वहीं नरेंद्र मिश्रा ने कहा कि प्रदर्शन महज औपचारिकता नहीं, बल्कि महंगाई से परेशान लोगों की आवाज उठाने का प्रयास है। हेमराज रजक ने सरकार पर जनता की जेब पर बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया। कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र तोमर ने किया, जबकि आभार अवधेश तोमर ने माना। प्रदर्शन में कांग्रेस के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आमजन मौजूद रहे।