महाकाल मंदिर में कांवड़ियों ने मचाया उत्पात, गार्डों को पीटा, दान पेटियों में तोड़ फोड़,हाई वोल्टेज ड्रामा !
विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां कांवड़ यात्रियों ने हाईवोल्टेज ड्रामा किया, बैरिकेडिंग तोड़ते हुए पहले सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की वहीं दान पेटियों में भी तोड़फोड़ की गई। सुरक्षाकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। एक गार्ड का सिर फूट गया। उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में कांवड़ियों ने जमकर उत्पात मचाया। हंगामे करते हुए वीडियो भी सामने आया है। जिसके बाद अब सख्त कार्यवाई की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है की महाकाल मंदिर में ओंकारेश्वर के खेड़ीघाट से नर्मदा जल लेकर पहुंचे कुछ उपद्रवी कांवड़ यात्रियों ने जमकर तांडव किया। दोपहर के बाद दर्शन के नाम पर मंदिर में घुसे कांवड़ियों ने नंदी हॉल के बैरिकेड्स पर उपद्रव किया और व्यवस्थाओं को तहस-नहस कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ जमकर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया।
उपद्रवी यही नहीं रुके उन्होंने मंदिर की बैरिकेडिंग तोड़ने के साथ ही भेंट पेटी और दानपेटियों को भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। इस हिंसक झड़प और तोड़फोड़ में कई सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आस्था की आड़ में हुई इस शर्मनाक हरकत से महाकाल भक्तों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
वहीं घटना के बाद मंदिर प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष पलवाडिया ने कहा की इस पूरे घटनाक्रम को बेहद गंभीरता से लिया गया है उपद्रवियों के खिलाफ अब कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मंदिर समिति ने साफ किया की परिसर में अनुशासनहीनता और कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।