रक्षाबंधन से पहले प्रतिष्ठित डेयरी पर छापे से हड़ कंप, मिठाइयां मिली अमानक, जांच के लिए भेजे सैंपल !
मिलावटखोरों पर सख्ती बरतने खाद्य विभाग सख्त नज़र आ रहा है इसी को लेकर रक्षाबंधन से ठीक पहले बड़ी कार्यवाई भी देखने को मिली है। जहां प्रतिष्ठित डेयरी में अमानक मिठाइयों पर छापामार कार्यवाई की गयी। जिससे हड़कंप की स्थिति बन गयी। जांच में कुछ मिठाइयां मानकों के अनुरूप नहीं पाई गयी। कार्यवाई एमपी के रीवा शहर की एक प्रतिष्ठित डेयरी पर की गयी है। बताया जा रहा है की डेयरी में अमानक मिठाइयां बेचे जाने की शिकायत मिलने के बाद एसडीएम अनुराग तिवारी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और खाद्य पदार्थों की जांच की।
इस दौरान कुछ मिठाइयों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने से प्रशासन ने अमानक मिठाइयों को नष्ट करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए हैं। जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। बताया गया की प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद डेयरी संचालकों में हड़कंप की स्थिति बन गई। खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
खाद्य अधिकारी ने बताया की त्योहारों को देखते हुए जांच की जा रही है यहां सामने आया की बहुत सारे प्रोडक्ट एकसपायर थे। कुछ फ़ूड प्रोडक्ट गंदगी में रखे हुए थे जिनमें फफूंद भी लगी हुई थी। जो स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक हैं।
प्रशासन ने साफ़ किया है कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट और अमानक सामग्री की बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।