बाइक से टक्क र के बाद पत्थर-सरियों से कार चकनाचूर, ज लाने ले जा रहे थे, पुलिस ने बचाया
एमपी के मुरैना में बाइक से कार की टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों की भीड़ ने कार सवारों के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद कार को पत्थर और सरियों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया। आरोप है कि भीड़ कार को जलाने के इरादे से कब्रिस्तान के पास तक ले गई, लेकिन इसी दौरान कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और बड़ी घटना होने से पहले कार को अपने कब्जे में ले लिया। मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर भाजपा नेता मुकेश परमार के भतीजे शैलू परमार और उनके बेटे के साले नीतेश सिकरवार को ड्राइवर हरिओम शर्मा कार से रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए बाजार ले जा रहा था। कार केएस चौराहा से कृषि मंडी रोड की ओर जा रही थी। करीब 100 मीटर आगे कार की सामने जा रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक घायल हो गया।
टक्कर के बाद बाइक सवार युवकों ने अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में युवकों की भीड़ ने कार को घेर लिया और उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि भीड़ ने पत्थरों और सरियों से कार पर हमला किया। कार की छत तक में सरिए घोंप दिए गए और वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके बाद कार को कब्रिस्तान के पास ले जाया गया। आरोप है कि वहां भी कार में तोड़फोड़ की गई और उसे आग लगाने की तैयारी थी। तभी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर दो युवकों को हिरासत में लिया।
वहीं भाजपा नेता मुकेश परमार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के साले नीतेश सिकरवार का अभी पता नहीं चल रहा है। उनका दावा है कि नीतेश का मोबाइल आरोपियों के पास है और फोन करने पर धमकी व गाली-गलौज की जा रही है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग कोतवाली थाने भी पहुंचे। कार में तोड़फोड़ और उसे जलाने की कथित तैयारी के मामले में भाजपा नेता परवेज खान के बेटे सोहेल खान का नाम सामने आया है। पुलिस ने सोहेल खान और उसके साथी आदिल खान को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि सोहेल कार को केएस चौराहा से कब्रिस्तान के पास तक लेकर गया था। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले से जुड़े आरोपों की पुष्टि की जा रही है।