सागर- शाहगढ़ में गूंजा भाईचारे का संदेश, ईद मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस, मरीजों को बांटे फल
सागर जिले के शाहगढ़ में बुधवार, 26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर नगर में दिनभर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रेम, शांति, भाईचारे और इंसानियत का संदेश भी दिया गया। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर सुबह युवाओं द्वारा वाहन रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इसके बाद ख्वाजा गरीब नवाज मुस्लिम कमेटी, बिजली ऑफिस मोहल्ला की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मरीजों के बीच फल वितरित किए गए। कमेटी के सदस्यों ने मरीजों का हाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
पर्व का मुख्य आकर्षण शाम चार बजे निकाला गया विशाल एवं भव्य जलसा रहा। जलसे की शुरुआत ख्वाजा गरीब नवाज कमेटी द्वारा टीकमगढ़ तिराहे से की गई। यहां से जुलूस नूरी मस्जिद पहुंचा, जहां से आगे का जलसा शुरू हुआ। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इसमें बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। डीजे और बाजे की धुनों के बीच लोगों ने उत्साह के साथ पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब का जन्मदिवस मनाया। जुलूस जामा मस्जिद और पचौर मोहल्ले से होते हुए वापस नूरी मस्जिद पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया।