सागर- अटल पार्क की दुकानों पर चोरी, तीन महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार, कबाड़ी भाइयों तक पहुंची पुलिस
सागर के अटल पार्क क्षेत्र में लगातार दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाली पारदी गैंग का गोपालगंज थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र की दो दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया है। चोरी का सामान खरीदकर खपाने के आरोप में पुलिस ने दो कबाड़ी भाइयों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक अटल पार्क क्षेत्र में लगातार दो दुकानों में चोरी की शिकायतें मिलने के बाद जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां नजर आईं। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों की जानकारी जुटाते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
मामले में पुलिस ने सीतेन्द्र पिता देवराज पारदी, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम झिरिया पहाड़ी, थाना त्योंदा, जिला विदिशा को गिरफ्तार किया। उसके साथ गैंग में शामिल तीन महिला आरोपियों को भी पकड़ा गया। थाने लाकर पूछताछ करने पर चारों ने अटल पार्क क्षेत्र की दो दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पूछताछ में सामने आया कि चोरी करने के बाद आरोपी सामान को कबाड़ियों के पास बेच देते थे। इसके बाद पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने और उसे खपाने वालों की तलाश शुरू की। जांच करते हुए पुलिस टीम राहतगढ़ बस स्टैंड के पास स्थित एक कबाड़ी की दुकान तक पहुंची।
पुलिस ने दबिश देकर मोहम्मद अलीम पठान, उम्र 20 वर्ष, निवासी कसाई मंडी, भगत सिंह वार्ड और उसके भाई मोहम्मद शोहेल पठान, उम्र 18 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। अब पुलिस कबाड़ी भाइयों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने आरोपियों से कौन-कौन सा सामान खरीदा और उसे आगे कहां खपाया। वहीं पारदी गैंग के सदस्यों से शहर और आसपास हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चोरी की और घटनाओं का खुलासा हो सकता है।