सागर- रक्षाबंधन से पहले कटरा बाजार में निगम की सख्ती, सड़क घेरने वालों पर 5-5 हजार का जुर्माना
रक्षाबंधन पर्व से पहले सागर शहर के कटरा बाजार की व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। त्योहार पर बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने मंगलवार को कटरा बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को सड़क पर अतिक्रमण न करने, दुकानें निर्धारित सीमा में लगाने और स्वच्छता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। निगमायुक्त ने कटरा मस्जिद से प्रसूति गृह की ओर लगी राखी की दुकानों समेत आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि दुकानें रोड मार्किंग लाइन के अंदर ही लगाई जाएं। रेहड़ी-पटरी और ठेले इस तरह लगाए जाएं कि ग्राहकों के खड़े होने के बावजूद सड़क पर वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह बची रहे।
सफाई व्यवस्था को लेकर भी निगमायुक्त ने दुकानदारों को डस्टबिन रखने और कचरा सड़क पर नहीं फेंकने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि पैकिंग मटेरियल, कागज और रैपर डस्टबिन में ही डाले जाएं और दुकानदार अपने आसपास नियमित सफाई रखें। निरीक्षण के दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर रखी गई सांची दूध की क्रेटें निगम की टीम ने जब्त कराईं। वहीं बार-बार समझाइश के बावजूद सड़क घेरकर सामान रखने पर एक दुग्ध व्यापारी और एक जूता व्यापारी के खिलाफ पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा तीनबत्ती से कटरा मस्जिद तक सड़क पर लंबे समय से खड़े चार पहिया वाहनों को लेकर भी निगमायुक्त ने सख्ती दिखाई। वाहन मालिकों से मौके पर ही वाहन हटवाए गए और स्थायी पार्किंग करने वाले वाहनों पर टोचन और जब्ती की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने कहा कि मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण पूरा होने तक वाहन मालिक पद्माकर स्कूल मैदान में वाहन पार्क करें। इससे बाजार की सड़कें अतिक्रमण और स्थायी पार्किंग से मुक्त रहेंगी। रक्षाबंधन पर बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए निगम ने साफ कर दिया है कि व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर चालानी और जब्ती की कार्रवाई जारी रहेगी। निगमायुक्त ने व्यापारियों और नागरिकों से स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बाजार बनाने में सहयोग की अपील की है।