Sagar- कलेक्ट्रेट घेरने निकली NSUI को पुलिस ने वाटर कैनन से खदेड़ा, फिर हुआ ये | SAGAR TV NEWS |
सागर में छात्र हितों और प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर मंगलवार को NSUI कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने निकले छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सिविल लाइन क्षेत्र से आगे कालीचरण चौराहे पर बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और उन्हें गिराकर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को पीछे हटना पड़ा। इस दौरान पुलिस और छात्र नेताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।
NSUI कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे छात्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने खास तौर पर छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग उठाई। NSUI के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि छात्र संगठन लंबे समय से प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांग पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है।