Sagar- अधिकारी अंदर कर रहे थे सुनवाई, बाहर युवक ने किया कुछ ऐसा की अस्पताल ले जाना पड़ा
सागर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार दोपहर जनसुनवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। युवक को उल्टियां करते देख वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे संभाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल युवक का उपचार जारी है।
युवक ने अपना नाम विजय कुमार और निवासी गढ़ाकोटा बताया है। विजय का आरोप है कि उसने गढ़ाकोटा निवासी एक व्यक्ति से रुपए उधार लिए थे। उसके मुताबिक, वह संबंधित व्यक्ति को पूरी रकम वापस कर चुका है। इसके बावजूद जमीन को लेकर विवाद खत्म नहीं हुआ और सामने वाला व्यक्ति उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
विजय का कहना है कि रुपए लौटाने के बाद भी उस पर जमीन खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था। लगातार चल रहे विवाद और परेशानी से परेशान होकर उसने जनसुनवाई के दौरान यह कदम उठा लिया घटना के बाद युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मामले की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे।
अधिकारियों के अनुसार, युवक के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद रुपए के लेन-देन और जमीन विवाद से जुड़े दस्तावेजों व आरोपों की जांच की जाएगी। जांच और बयानों के आधार पर ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।