Sagar- कटरा बाजार में वाहनों की एंट्री बंद, ईद और रक्षाबंधन पर बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था
सागर में ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए सागर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है। त्योहारों के दौरान कटरा बाजार, गुजराती बाजार, साबूलाल मार्केट, नमक मंडी, राधा तिराहा, तीन मढ़िया और घंसू मुंशी मस्जिद क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भीड़ और जाम से बचने के लिए कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक कटरा क्षेत्र में ऑटो, आपे, इलेक्ट्रिक ऑटो सहित तीन पहिया वाहन, चार पहिया वाहन तथा मध्यम और भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं 27 और 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक इसी तरह के वाहनों की कटरा क्षेत्र में एंट्री बंद रहेगी। यदि भीड़ अधिक बढ़ती है तो यातायात प्रतिबंध की अवधि को जरूरत के मुताबिक आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
यातायात पुलिस के मुताबिक प्रतिबंधित वाहनों को तीन मढ़िया, राधा तिराहा, राहतगढ़ बस स्टैंड, कोतवाली थाना परिसर, राहतगढ़ वन-वे और मोतीनगर चौराहा से बड़ा बाजार होते हुए कटरा क्षेत्र की ओर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही कटरा से तीन बत्ती तक स्थायी रूप से खड़े वाहनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वाहन मालिक अपने वाहन म्युनिसिपल स्कूल अथवा निजी पार्किंग स्थलों में खड़े करें। यदि प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन खड़े पाए जाते हैं तो उन्हें क्रेन की मदद से हटाया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्रेन से वाहन हटाए जाने के दौरान होने वाली संभावित क्षति की जिम्मेदारी वाहन मालिक की होगी।
हालांकि यह प्रतिबंध दो पहिया वाहनों और आपातकालीन सेवाओं पर लागू नहीं होगा। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी। यातायात पुलिस ने सागर शहर के नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान पुलिस की व्यवस्था में सहयोग करें, प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर जाने से बचें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। त्योहारों के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेगा।