सागर- चार बच्चों की अनोखी कांवड़ यात्रा, जब उत्साह से निकले नन्हे कांवड़िये तो देखते रह गए लोग
सावन के दिनों में आपने कांवड़ यात्राएं तो कई सारी देखी होंगी। जिनमें बड़ी संख्या में कांवड़िये इकट्ठा होकर कांवड़ लेने जाते हैं इसके बाद उस जल को भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाता है लेकिन सागर जिले के खुरई क्षेत्र में एक अनोखी कांवड़ यात्रा देखने को मिली। इसमें ज्यादा भीड़ भाड़ नहीं थी बल्कि चार बच्चों की कांवड़ यात्रा थी। जो जिस भी जगह होकर निकली वहां लोग इन बच्चों की तारीफ किये बगैर नहीं रह पाए। पूरे हौसले के साथ ये बच्चे चले जा रहे थे।
बताया जा रहा है की संत कवरदास वार्ड की पुत्री शाला के बाजू की गली में रहने वाले ओम सिंह ठाकुर, सोम ठाकुर, अनुराग कुशवाहा और आदर्श कुशवाहा ने गली में बने नीलकंठेश्वर मंदिर से कांवड़ उठाई और भूतेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। इसके अलावा अन्य महिला श्रद्धालु भी शामिल थी। मंदिर परिसर में इन महिला श्रद्धालुओं ने ख़ुशी का इज़हार भी किया। जो बैंड-बाजों की धुन की जमकर थिरकती हुई भी नज़र आई। इनके साथ में ये बच्चे भी थे जो काफी उत्साहित थे।
इस कांवड़ यात्रा की खास बात यह रही कि इन बच्चों के मन में अपनी पढ़ाई के साथ-साथ मंदिर के जीर्णोद्धार और देश-प्रदेश की खुशहाली का भी संकल्प था। बालक ओम सिंह ठाकुर ने बताया की उनकी इच्छा है कि गली में बने नीलकंठेश्वर मंदिर का जीर्णोद्धार हो, देश और प्रदेश में खुशहाली रहे और वे चारों बच्चे अच्छे अंकों से पास हों।