तहसीलदार के सूने बंगले पर चोरों का धावा, लाखों के जेवर चोरी! CCTV में कैद हुए नकाबपोश
महाकाल की नगरी उज्जैन में चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका अंदाजा एमपी के उज्जैन जिले के शिप्रा विहार डी सेक्टर में हुई चोरी की इस वारदात से लगाया जा सकता है। यहां देवास में पदस्थ तहसीलदार के सूने मकान को निशाना बनाकर नकाबपोश बदमाश ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और लाखों रुपये के जेवरात समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक मकान मालिक पारस वैश्य देवास जिले में तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं। नौकरी और प्रशासनिक व्यस्तताओं के चलते उनका उज्जैन स्थित मकान लंबे समय तक सूना रहता है। बताया जा रहा है कि वे कई दिनों के अंतराल पर ही घर आते हैं। बदमाशों ने इसी बात की रेकी कर वारदात को अंजाम देने का मौका तलाशा।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने रात के समय मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने अलमारियों और घर में रखे सामान को खंगालना शुरू कर दिया। चोर करीब 500 ग्राम चांदी, 8 ग्राम सोने की चेन और बच्चे के सूरज पूजन के दौरान मिले आभूषणों समेत अन्य कीमती सामान ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में दो नकाबपोश संदिग्ध मोटरसाइकिल पर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इनकी पहचान और गतिविधियों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इधर, पॉश कॉलोनी में अधिकारी के घर हुई चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। रहवासियों में घटना को लेकर नाराजगी और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि शहर की सुरक्षित मानी जाने वाली कॉलोनियों में भी सूने मकान चोरों के निशाने पर हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नकाबपोश बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि वारदात की पूरी कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और चोरी का माल बरामद किया जाए।