नज़र हटी और दुर्घटना घटी, बावजूद इसके जान जोखिम में डालकर निकल रहे बच्चे और अन्य लोग
क्या जान की कीमत इतनी सस्ती है की लोग आसानी से अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं। सामने उफनता हुआ पुल है लेकिन लोग बेख़ौफ़ होकर इसे पार कर रहे हैं। बड़े तो ठीक ही हैं नौनिहाल बच्चे भी अपनी जान खतरे में डालकर यहां से निकल रहे हैं। जिन्हे शायद अंदाज़ा भी नहीं है की एक छोटी सी ग़लती कितनी खतरनाक साबित हो सकती है। हैरान कर देने वाली ये तस्वीरें नरसिंहपुर जिले के मुदई-बेलखेड़ी मार्ग से सामने आई हैं।
इसमें कई ऐसे लोग भी नज़र आ रहे हैं जो अपने बच्चों को गोद में लेकर पुल को पार कर रहे हैं। पैदल निकलने वाले ही नहीं बल्कि बाइक सवार भी अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। सबसे बड़ी तो ये भी है की यहां पर सुरक्षा के कोई इंतजाम भी नज़र नहीं आ रहे हैं। न ही प्रशासन द्वारा कोई व्यवस्था की गयी है जिससे लोग बेख़ौफ़ तरीके से यहां से निकल रहे हैं। सामने आया ये वीडियो करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
इस तरह का नज़ारा सामने आने के बाद अब कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। एक तो ये की जब बारिश में पुल पर पानी आ जाता है तो यहां सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किये गए। दूसरा ये की अगर कोई घटना घटती है तो इसका जिम्मेदार आखिर कौन होगा। इसके अलावा और भी कई सवाल हैं।
बताया गया की लगातार बारिश से नरसिंहपुर जिले के नदी नाले उफान पर है। स्कूली बच्चे और ग्रामीण पानी से लबालब पुल को पार करते नजर आ रहे हैं। हालात ऐसे कि छोटे बच्चों को उनके परिजन गोद में उठाकर पुल पार कराने को मजबूर हैं तो स्कूली छात्राएं भी जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से निकल कर स्कूल जा रही हैं। ग्रामीण बताते हैं की पुल की ऊंचाई कम होने के कारण थोड़ी बारिश में ही इसके ऊपर पानी बहने लगता है। यह पुल कई गांवों को जोड़ता है और बारिश के मौसम में ग्रामीणों के लिए बड़ा खतरा बन जाता है।