सागर नगर निगम की बैठक में बड़े फैसले, जलप्रदाय से लेकर राजस्व वसूली तक कई प्रस्ताव पास SAGAR TV NEWS
सागर नगर निगम परिषद की महत्वपूर्ण बैठक में शहर की जलप्रदाय व्यवस्था, राजस्व वसूली, स्वच्छता, आवास और विकास कार्यों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर फैसला लिया गया। निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में महापौर संगीता सुशील तिवारी, निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, एमआईसी सदस्य और पार्षद मौजूद रहे। बैठक में लिए गए फैसलों को शहर की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सबसे बड़ा फैसला जलप्रदाय व्यवस्था को लेकर लिया गया। परिषद ने टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड को जलप्रदाय योजना के संचालन और संधारण के काम से अलग कर व्यवस्था नगर निगम के हाथों में लेने का प्रस्ताव पारित किया। बैठक में बताया गया कि फिलहाल जलप्रदाय संचालन पर करीब 85 लाख रुपये प्रतिमाह खर्च हो रहे हैं, जबकि निगम के हाथ में व्यवस्था आने के बाद यह खर्च करीब 50 से 55 लाख रुपये रहने का अनुमान है। यानी हर महीने करीब 30 से 35 लाख रुपये की बचत हो सकती है।
वहीं नए जल कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है। अब निर्धारित जलकर ही लिया जाएगा और अतिरिक्त पेनल्टी नहीं लगाई जाएगी। राजस्व वसूली को मजबूत करने के लिए पांच पार्षदों की समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। समिति में तीन सत्ता पक्ष और दो विपक्षी पार्षद शामिल होंगे। समिति नियम और सेवा शर्तों को लेकर अनुशंसा करेगी, जिसके आधार पर आगे निविदा प्रक्रिया की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गैर-झुग्गी क्षेत्र के ईडब्ल्यूएस आवासों में हितग्राही अंशदान 2 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ।
बैठक में 27 पार्कों में से एक का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रखने और एक पार्क में उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मंजूरी दी गई। वहीं लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय रामकृष्ण जड़िया के नाम पर मार्ग का नामकरण करने और रामबाग मंदिर के पास स्वर्णकार चौक तथा अजमीढ़ जी की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित हुआ। निगम कर्मचारियों के चतुर्थ समयमान वेतनमान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी।
महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना और निगम कर्मचारियों को समय पर वेतन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। वहीं निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि परिषद के फैसलों का प्रभावी क्रियान्वयन कर राजस्व, जलप्रदाय और विकास व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।