Sagar- सावन के अंतिम सोमवार को पशुपतिनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब | SAGAR TV NEWS |
सावन के पावन महीने के अंतिम सोमवार को सागर के पशुपतिनाथ मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शिवलिंग निर्माण कार्यक्रम के अंतिम दिन रुद्राभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा रहा और हर ओर भगवान शिव के जयकारों से वातावरण शिवमय नजर आया।
पं. शिवप्रसाद तिवारी ने बताया कि सुबह 8 बजे से 11 बजे तक पार्थिव रुद्री निर्माण किया गया। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक भगवान पशुपतिनाथ का पूजन और रुद्राभिषेक हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से अभिषेक कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। आयोजन के दौरान प्रतिदिन 51 हजार पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया गया। पं. तिवारी के अनुसार सनातन परंपरा में पार्थिव शिवलिंग पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि सतयुग में रत्न-मणियों, त्रेता में सोने, द्वापर में पारे और कलियुग में मिट्टी से बने पार्थिव शिवलिंग की पूजा का विधान है।
सावन में पार्थिव शिवलिंग निर्माण और रुद्राभिषेक को भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त करने वाला माना जाता है। पशुपतिनाथ मंदिर में पिछले करीब 30 वर्षों से नाग पंचमी से प्रदोष तक नौ दिवसीय यह धार्मिक आयोजन निरंतर किया जा रहा है