एक तरफ बाढ़ें आ रही दूसरी तरफ पानी को तरसते लोग,पीने का पानी भी नसीब नहीं, मंत्री का रोका काफिला !
जगह-जगह पानी ही पानी है बाढ़ें आ रही हैं लेकिन एक गांव ऐसा भी है जो कल भी प्यासा था और आज भी प्यासा है जी हां इस गांव लोगों ने हाथों में बर्तन लेकर उस समय मंत्री का काफिला भी रोक लिया जब वह एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। मंत्री प्रह्लाद पटेल से कहा गया की पीढ़ियां गुजर गई लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ये नज़ारा नरसिंहपुर जिले के नीमखेड़ा गांव का है दरअसल ग्रामीण पानी के लिए इतने परेशान हैं की उन्हें दूर दराज से पानी लाना पड़ता है। गांव में पीने के लिए भी पानी नसीब नहीं होता है।
लोग एक किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। जब पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल का काफिला मुख्यमंत्री विश्वास संवाद कार्यक्रम के लिए गांव से गुजर रहा था। तो सड़क किनारे पानी के बर्तन लेकर खड़े ग्रामीणों ने उनका काफिला रोक दिया और मंत्री के सामने अपनी परेशानी रखी।
ग्रामीणों के मुताबिक नीमखेड़ा में पानी की समस्या कोई आज की नहीं है। बल्कि पीढ़ियां गुजर गईं। लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं हो सका। महिलाओं को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर से पानी लाना पड़ता है। बारिश के इस मौसम में भी हालात जस के तस बने हुए हैं। मंत्री का काफिला रुकने के बाद ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्या बताई। इस दौरान मंत्री प्रहलाद पटेल के भाई जालम सिंह ने भी ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी परेशानी समझी।
मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि गांव में निजी भूमि से पाइपलाइन गुजरने के कारण पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है। उन्होंने निजी स्तर पर जल्द समस्या का समाधान कराने की बात कही। तो कलेक्टर रजनी सिंह ने भी ग्रामीणों की समस्या को जल्द दूर करने का भरोसा दिलाया है।