सागर में भी जेन-अल्फ़ा ने दिखाए तेवर अपने अधिकारों के लिए सड़को पर आकर प्रदर्शन | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले में भी अब जैन अल्फा यानि स्कूली बच्चे अपने हक और अधिकार की लड़ाई के लिए शासन प्रशासन के खिलाफ मुखर होगए हैं, एक दिन पहले जहां सड़क निर्माण को लेकर स्टूडेंटो ने गड्ढों में धान के पौधे रोपे थे तो वहीं अब यही जैन अल्फा अपने स्कूल भवन को लेकर सड़कों पर उतर कर प्रशासन का ध्यान अपनी और आकर्षित कराया है,
अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ते जेन अल्फ़ा की ये तस्वीरें देवरी तहसील के रसेना गांव से सामने आई है, जहां शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने सोमवार को महाराजपुर–सहजपुर–केसली हाईवे पर जाम लगा दिया। विद्यार्थियों ने स्कूल भवन का निर्माण जल्द शुरू कराने और खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
छात्र-छात्राओं का कहना है कि स्कूल भवन निर्माण के लिए जमीन स्वीकृत होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। वर्तमान में स्कूल जिस शासकीय परिसर में संचालित हो रहा है, वहां बने खेल मैदान पर भी अतिक्रमण होने का आरोप विद्यार्थियों ने लगाया है।
जिससे उन्हें खेलने की सुविधा नहीं मिल पा रही है। वहीं, स्कूल परिसर में पेयजल की समस्या के चलते विद्यार्थियों को करीब एक किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है।
छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और स्कूल भवन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए।