एस्ट्रोलॉजी में रुचि रखने वाली CSP नेहा पच्चीसिया नहीं देख पाई अपने नक्षत्र, नेहा समेत तीनों आरोपियों की तलाश
एस्ट्रोलॉजी में रुचि रखने वाली सीएसपी नेहा पच्चीसिया खुद अपने गृह नक्षत्र नहीं देख सकी। उनकी गिरफ्तारी को लेकर जल्द ही एसआईटी गठित हो सकती है। बताया गया की जब वह विभाग की ही ट्रेनिंग में थी तभी उन पर मामला दर्ज हुआ और वहां से नेहा पच्चीसिया फरार हो गयी। कटनी के बहुचर्चित जमीन की डील मामले में नया मोड़ आ गया है। कुठला थाने में मामला दर्ज होने के बाद से नेहा समेत क्षितिज राज और मारूफ अहमद भी गायब हैं। सीएसपी भोपाल में 18 से 20 अगस्त तक विभाग की ट्रेनिंग में थी एफआईआर की सूचना मिलते ही वह गायब हो गयी। फिलहाल सीएसपी कार्यालय को सील कर दिया है। पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। नेहा पच्चीसिया ने गिरफ्तारी से बचने कटनी जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका भी पेश की है।
मामले में दिलचस्प बात ये है की नेहा पच्चीसिया एस्ट्रोलॉजी में गहरी रुचि रखती थी वह लोगों की जन्म पत्रिका और ग्रह नक्षत्रों के आधार पर नग धारण करने, पूजा करने समेत अन्य सलाह निशुल्क रूप से देती थी। लेकिन खुद अपने नक्षत्र नहीं देख पाई।
गौरतलब है की ये पूरा मामला मर्डर के आरोप में जेल भेजे गए आकाश लोधी के परिवार की करीब 2.15 हेक्टेयर जमीन की कथित बिक्री से जुड़ा है आरोप है कि आकाश के जेल जाने के बाद उसके परिवार पर जमीन बेचने का दबाव बनाया गया। शिकायत में दावा किया गया कि तत्कालीन CSP नेहा पच्चीसिया के कथित दबाव में आकाश के पिता रमेश लोधी को दो दिन तक घर पर बैठाकर रखा गया। बाद में सरकारी वाहन से कन्हवारा ले जाकर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। जमीन का सौदा करीब 1 करोड़ 7 लाख रुपये में तय हुआ था। रजिस्ट्री के समय कथित तौर पर केवल 15 लाख रुपये का चेक दिया गया।
बाकी 92 लाख रुपये सात दिन में देने की बात कही गई। लेकिन रकम नहीं मिलने का आरोप है जबकि सरकारी गाइडलाइन के अनुसार जमीन की कीमत करीब 82.86 लाख रुपये बताई गई। जबकि रजिस्ट्री में करीब 18.20 लाख रुपये के भुगतान के उल्लेख होने की बात सामने आई। आरोप है कि क्षितिज राज के खाते से 15 लाख रुपये मारूफ अहमद हनफी के खाते में ट्रांसफर किए गए। शिकायत में क्षितिज राज को नेहा पच्चीसिया का कथित पार्टनर और संबंधी बताया गया। इसी बीच मर्डर के मामले में भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठे। आरोप है कि आकाश लोधी के खिलाफ समय सीमा के अंदर चालान पेश न करने से उसे डिफॉल्ट बेल मिल गई। जेल से बाहर आने के बाद आकाश ने जमीन सौदे को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। मामला सीएम तक पहुंचा। उन्होंने निलंबन के आदेश दिए। वहीं जांच के बाद सीएसपी नेहा पच्चीसिया क्षितिज राज और मारूफ अहमद पर मामला दर्ज हुआ। फिलहाल तीनों की तलाश जारी है।------