बाढ़ के हालातों के बीच अचानक प्रभावित लोगों से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री, मुआवजे का एलान, मदद का भरोसा
भारी बारिश के बाद कई जगहों पर बाढ़ के हालात बने हुए हैं जिसको लेकर मुख्यमंत्री बेहद संवेदनशील नज़र आ रहे हैं। वह खुद बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पहुंचे और हर संभव मदद का भरोसा दिया। साथ ही मुआवजे का भी एलान किया। उन्होंने अधिकारीयों से बातचीत करने के बाद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं।
दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अचानक रीवा जिले में दौरे पर पहुंचे थे। बीते दिनों हुई भारी बारिश के बाद रीवा समेत शहडोल और जबलपुर संभाग में बने बाढ़ के हालात को लेकर मुख्यमंत्री ने रीवा एयरपोर्ट से ही अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश भर के संबंधित अधिकारियों को बैठक से जोड़ा गया। जहां उन्होंने निर्देश दिए।
सीएम ने मंत्री ने अधिकारियों से बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों, राहत और बचाव कार्यों साथ ही प्रभावित परिवारों को दी जा रही सहायता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों को शासन के नियमानुसार मुआवजे की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जरूरतमंदों तक शासन की मदद जल्द से जल्द पहुंचाई जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव रीवा शहर के गुलाब नगर पहुंचे। जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। नियमों के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को तेज करने और बाढ़ के बाद उत्पन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद प्रशासनिक अमले में भी सक्रियता देखने को मिली।