थार गाड़ी से अवैध शराब की तस्करी, पुलिस ने घेराबंदी कर आठ पेटी शराब की जब्त, दो गिरफ्तार
थार गाड़ी से अवैध शराब की तस्करी की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए वाहन को रोक लिया। जहां दो युवकों को गिरफ्तार करते हुए कार से आठ पेटी अवैध शराब बरामद की गयी है। साथ ही न्यायालय से रिमांड लिया गया है। कार्यवाई उज्जैन जिले में बड़नगर थाना पुलिस ने की है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर ये पता लगाया जा रहा है की शराब को कहां से लाकर कहां खपाया जाना था।
बताया जा रहा है की पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की थार गाड़ी में अवैध शराब रुणीजा की ओर से बड़नगर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने रात्रि गश्त कर रहे पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस ने रुणीजा रोड स्थित फोरलेन ब्रिज के नीचे घेराबंदी कर थार को रोका और उसमें सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विशाल जाट निवासी धीरज शाह नगर, रतलाम और अजय गुर्जर निवासी बिबड़ोद, रतलाम बताया।
वहीं थार से आठ पेटी शराब को जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। जहां से पुलिस रिमांड मिलने के बाद शराब कहां से लाई गई थी और कहां ले जाई जा रही थी। इसको लेकर पूछताछ की जा रही है साथ ही आगे की जांच भी की जा रही है। मामले में बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने जानकारी दी।