Sagar- नगर पालिका के कर्मचारी के घर पुलिस की दबिश, दरवाजा उखाड़कर गृहस्थी का सामान उठा लाई पुलिस
सागर जिले के बीना में पुलिस ने ऐसी कार्यवाई को अंजाम दिया है। जिससे कई तरह की चर्चाएं की जा रही हैं। पुलिस टीम ने नगर पालिका के एक कर्मचारी के मकान में दबिश देकर एसी, डबल बेड, दो कूलर, एलईडी टीवी, साउंड सिस्टम समेत बड़ी मात्रा में गृहस्थी का सामान जब्त किया है। दिलचस्प बात तो ये है की पुलिस ने घर का गेट भी उखाड़ लिया जिसे जब्ती में लिया गया है। बताया जा रहा है की बीना के शिवाजी वार्ड में चोरी और ब्लैकमेलिंग से जुड़े मामले की जांच में पुलिस ने ये कार्रवाई की है। थाना प्रभारी अनूप यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर पालिका कर्मचारी के घर पर दबिश देकर गृहस्थी का सामान जब्त किया है। फिलहाल पुलिस की पूछताछ जारी है। जल्द ही खुलासा करने की बात कही जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एक परिवार के घर से लगातार जेवरात और नगदी चोरी होने की शिकायत के बाद जांच शुरू की गई थी। जिसमें कथित तौर पर चोरी और ब्लैकमेलिंग से मिले सोने को बेचकर सामान खरीदने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
थाना प्रभारी अनूप यादव की माने तो आरोपी को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है की इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जब्त सामान की खरीदारी में इस्तेमाल रकम का स्रोत क्या है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।------