सिगरेट और कोल्डड्रिंक्स के पैसे मांगना दुकानदार को पड़ा महंगा, बदमाशों ने मारी गोली,पांच बदमाश फरार
सिगरेट और कोल्ड ड्रिंक्स के पैसे मांगना एक दुकानदार को महंगा पड़ गया। बाइक सवार बदमाशों ने दुकान संचालक के साथ गाली गलौच करते हुए उसे गोली मार दी और फरार हो गए। उसके हाथ में गोली लगने से वह घायल हुआ है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से सामने आई है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की है।
बताया जा रहा है की घटना शनिवार देर रात सिकरौदा नहर के पास गोवर्धन होटल के सामने हुई। जहां दो बाइकों पर सवार पांच बदमाश होटल में खाना खाने के बाद वहां से निकले थे। जहां पास ही स्थित दुकान पर पहुंचकर बदमाशों ने दुकानदार गीताराम गुर्जर से सिगरेट और कोल्ड ड्रिंक मांगी। सामान लेने के बाद बदमाश बिना पैसे दिए वहां से जाने लगे। तो इस पर गीताराम गुर्जर ने उनसे सिगरेट और कोल्ड ड्रिंक के पैसे मांगे।
बस यही बात सुनकर बदमाश भड़क उठे और दुकानदार के साथ गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जिससे एक गोली गीताराम के हाथ में जा लगी। और वह घायल हो गए। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। परिजन घायल गीताराम को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उनका इलाज किया गया। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल दुकानदार से पूछताछ करते हुए जानकारी ली। साथ ही फरार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।