सीनियर-जूनियर अधिकारी भिड़े, AHO ने निकाला जू ता, बोले- ‘इस्तीफा साथ रखता हूं, हाईवोल्टेज ड्रामा!
मध्यप्रदेश की भोपाल नगर निगम मुख्यालय में शनिवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब काम को लेकर सीनियर और जूनियर अधिकारी आमने-सामने आ गए। लिंक रोड नंबर-2 स्थित नगर निगम मुख्यालय परिसर में नरेला विधानसभा के स्वास्थ्य अधिकारी (HO) सुमंदर शर्मा और जोन-19 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी (AHO) बलवीर मलिक के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि AHO बलवीर मलिक ने कथित तौर पर जूता निकालने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद दूसरे अधिकारी ने उन्हें रोक लिया।
विवाद के बाद बलवीर मलिक अपनी सरकारी जीप के पास पहुंचे और उसमें रखा इस्तीफा निकालकर दिखाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह इस्तीफा हमेशा अपने साथ रखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि “मैं गलत होने पर मंत्री की भी नहीं सुनता।” घटना का वीडियो अब सामने आने के बाद नगर निगम के अधिकारियों के बीच हुए इस विवाद की चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को अपर आयुक्त अंजू कुमार ने नगर निगम के दरोगाओं की बैठक ली थी। बैठक खत्म होने के बाद निगम मुख्यालय के बाहर सुमंदर शर्मा और बलवीर मलिक के बीच किसी काम को लेकर बहस शुरू हो गई।HO सुमंदर शर्मा ने बताया कि बैठक में नरेला विधानसभा क्षेत्र में स्पॉट फाइन करने की बात कही गई थी। इसी मुद्दे को लेकर बलवीर मलिक नाराज हो गए और दोनों के बीच बहस बढ़ गई।
वहीं AHO बलवीर मलिक का आरोप है कि बैठक में उनके साथ बदतमीजी की गई और उन्हें लगातार अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी बातें वह पिछले कुछ समय में करीब दस बार सुन चुके हैं। मलिक ने बताया कि वे करीब 30 साल से नौकरी कर रहे हैं और जोनल अधिकारी भी रह चुके हैं। उन्होंने माना कि गुस्से में उन्होंने इस्तीफे की बात कही।
बहस के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब बलवीर मलिक ने जूता निकालने का प्रयास किया। हालांकि, दूसरे AHO ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को समझाकर शांत कराया। फिलहाल विवाद की वजह और दोनों पक्षों के आरोपों को लेकर नगर निगम स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, यह सामने आना बाकी है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने नगर निगम में अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय और कार्यप्रणाली पर जरूर सवाल खड़े कर दिए हैं।