दिन में घूमकर रैकी और रात में चोरी, पारदी गैंग का खुलासा दो गिरफ्तार, लाखों के टायर बरामद
दिन में घूमकर रैकी करते और रात में मौका मिलते ही दुकानों में घुसकर टायर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने पारदी गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से चार लाख कीमत के 14 टायर समेत कार बरामद की, कुल मशरूके की कीमत 9 लाख 10 हजार बताई जा रही है। उज्जैन जिले के बड़नगर थाना पुलिस ने कार्यवाई कर खुलासा किया। पकड़े गए चोर टायर चोरी करते थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी दिन के समय टायर दुकानों की रैकी करते थे और रात में शटर उचकाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। बड़नगर के रुनिजा रोड स्थित टायर दुकान में बीते 9-10 अगस्त की दरमियानी रात चोरी की वारदात हुई थी। दुकान संचालक शांतिलाल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। वरिष्ठ अधिकारीयों के निर्देशन में टीम गठित की गई। जहां घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी में इस्तेमाल सफेद रंग की पिकअप वाहन का सुराग पुलिस के हाथ लगा।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की बिना नंबर की सफेद पिकअप रुनिजा रोड से बड़नगर तरफ आ रही है। जिस पर पुलिस टीम ने पिटलावदिया फंटे के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका और उसमें सवार दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम संतोष पारदी और अर्जुन पारदी दोनों निवासी सिमलावदा, जिला रतलाम बताया। जिन्होंने टायर चोरी करना कबूल किया।
आरोपियों की निशानदेही पर सिमलावदा गांव के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे 14 टायर, कीमत करीब 4 लाख रुपये, 10 हजार रुपये नकद और वारदात में शामिल पिकअप वाहन बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें रिमांड पर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है गैंग से जुड़ी अन्य चोरी की वारदातों और संभावित साथियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।