Sagar - स्कूल के अंदर छात्राओं ने बनाई रील, वायरल होते ही मची खलबली, अब प्राचार्य ने दी सफाई |
सोशल मीडिया के दौर में जहां मोबाइलों का चलन और इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है वहीं इसके दुष्परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं। ताजा मामला सागर जिले के रहली क्षेत्र से भी सामने आया है जिसमें कुछ स्कूली छात्राएं स्कूल में मोबाइल लेकर पहुंची और रील बनाने लगी। उन्होंने बाकायदा रील बनाकर वायरल भी की जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। और कहा ये जा रहा है की आखिर स्कूल के अंदर मोबाइल पहुंचा कैसे। विवाद बढ़ने पर प्रभारी प्राचार्य ने सफाई दी।
बता दें की ये पूरा मामला सागर के रहली अंतर्गत छिरारी सरकारी स्कूल से सामने आया है। जहां हाल ही में छात्राओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। जिसमें कुछ छात्राएं क्लास के अंदर मोबाइल से रील्स बनाती हुई नजर आ रही थीं। जब ये बात हायर सेकेंडरी स्कूल छिरारी की प्रभारी प्राचार्य दुर्गा राय को लगी तो उन्होंने इस पर अपना पक्ष रखते हुए कहा की यह वीडियो बीते 15 अगस्त की तैयारी के दौरान का है। उस समय कुछ छात्राएं कार्यक्रम में भाग ले रही थीं और तैयारी के लिए मोबाइल लेकर आई थीं।
तभी अचानक छात्राओं ने क्लासरूम में रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उन्होंने कहा की मामला संज्ञान में आते ही छात्राओं और उनके परिजनों को समझाइश देकर हिदायत दी गई है। इसके अलावा वीडियो को भी तुरंत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवा दिया गया है।
बताया गया की प्रभारी प्राचार्य द्वारा सभी छात्र-छात्राओं को सख्त हिदायत दी गई है की आगे से कोई भी छात्र स्कूल में मोबाइल लेकर नहीं आएगा। स्कूल परिसर में मोबाइल लाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं परिजनों से भी कहा गया है की बच्चों को मोबाइल देकर स्कूल न भेजें।