Sagar- सड़क खस्ताहाल, पूरे रास्ते में गड्ढे और कीचड़, फिर छात्राओं ने सड़क पर धान रोपकर किया अनोखा विरोध
बार-बार शिकायत करने के बाद भी जब समाधान नहीं हुआ तो स्कूल की छात्राओं ने अनोखे विरोध का तरीका अपनाया। उस सड़क में ही धान की रोपाई कर दी। जिसमें बड़े-बड़े गड्ढे हैं पूरी सड़क ही खस्ताहाल है। ये तस्वीरें कहीं और की नहीं बल्कि सागर जिले के देवरी क्षेत्र की हैं। छात्राओं ने कहा की सड़क नहीं बनी तो आंदोलन करेंगे। इस अनोखे प्रदर्शन से उन्होंने प्रशासन को जगाने का प्रयास किया।
तस्वीरें देखकर ही अंदाज़ा लगाया जा सकता है की इस सड़क के क्या हाल हैं। बच्चे कैसे स्कूल आते-जाते होंगे। बड़े-बड़े गड्ढों में पाने भरा हुआ है। पूरी सड़क दलदल में तब्दील है। सिर्फ बच्चे ही नहीं बल्कि शिक्षकों और अन्य लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ये नज़ारा देवरी नगर से लगे जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांसखेड़ा का है। जहां सरकारी गर्ल्स स्कूल तक पहुंचने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। बारिश में क्या हाल होते हैं किसी से छिपे नहीं हैं। छात्राओं और शिक्षकों को हो रही परेशानी के विरोध में छात्राओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। छात्राओं ने सड़क के गड्ढों में भरे पानी के बीच धान के पौधे रोपकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया।
छात्राओं ने कहा की स्कूल मार्ग की समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत और प्रशासन को लिखित शिकायत और ज्ञापन दिए जा चुके हैं। लेकिन सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। बारिश के दौरान हालात इतने खराब हो जाते हैं कि छात्राओं को कीचड़ और पानी से होकर स्कूल पहुंचना पड़ता है। ड्रेस खराब होती है साथ ही हादसों का अंदेशा बना रहता है।
छात्राओं का कहना है की दो साल से सड़क की यही स्थिति है। अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है। प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद कोई कार्यवाई नहीं हुई। पूरा रास्ता खराब है बड़े गड्ढे हैं। पानी भरने से समस्या और भी बढ़ जाती है। इसी को लेकर विरोध किया गया। छात्राओं ने चेतावनी देते हुए कहा की समय रहते सड़क निर्माण न होने पर स्कूल के सामने आंदोलन किया जाएगा।------ सिर्फ छात्राएं ही नहीं बल्कि खुद शिक्षक भी परेशान हैं। उनका कहना है की दो साल पहले स्कूल प्रबंधन की ओर से की गयी लिखित शिकायत के बाद भी स्थिति आज भी वैसी ही है।
कांसखेड़ा सरपंच मोनू पटेल से संपर्क करना चाहा लेकिन उनका मोबाइल बंद था।
मामले में देवरी एसडीएम मुनव्वर खान से फोन पर हुई चर्चा के दौरान उन्होंने जल्द ही चर्चा कर सड़क को ठीक कराने की बात कही।
देखने वाली बात होती है की आखिर प्रशासन कब तक जागता है और समस्या को दूर किया जाता है।-