जैन मंदिर से भगवान का चांदी का छत्र हुआ था चोरी, शातिर चोर को आगरा से दबोच लाई पुलिस
एक नकाबपोश बदमाश श्रद्धालुओं के बीच से जैन मंदिर में पहुंचा और मौका मिलते ही भगवान की मूर्ती से चांदी का छत्र चुराकर थैले में रखकर चंपत हो गया। जिसके बारे में कोई सुराग नहीं मिला। लेकिन सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस आखिरकार पंद्रह दिन बाद आरोपी के गिरेवां तक पहुंच ही गई। मामला एमपी के मुरैना जिले का है। पुलिस चोर को आगरा से दबोचकर लाई। बता दें की मुरैना के मुख्य बाजार स्थित बड़ा जैन मंदिर से भगवान की मूर्ति पर लगा करीब डेढ़ किलो वजनी चांदी का छत्र चोरी हुआ था। जिसकी कीमत ढाई लाख बताई गई।
दरअसल बड़ा जैन मंदिर में बीते दिनों रात के समय चांदी का छत्र चोरी होने से हड़कंप मच गया। छत्र सुब्रतनाथ भगवान की मूर्ति पर लगा था। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में एक नकाबपोश बदमाश श्रद्धालुओं के साथ मंदिर में जाता दिखाई दिया। मौका मिलते ही उसने भगवान की मूर्ति पर लगा छत्र उतारकर अपने झोले में रखकर मंदिर से चला गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लेकिन पंद्रह दिनों तक हाथ खाली रहे। तभी फुटेज में बीते महीने 29 जुलाई के सीसीटीवी फुटेज में मंदिर के पास एक युवक संदिग्ध रूप से रैकी करता दिखा। इसी आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र के रम परसी चौक मोहल्ला निवासी शैलेष वर्मा के रूप में की। टीम ने आगरा में उसके घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। जिसके पास से ढाई लाख कीमत का छत्र बरामद हुआ।
पुलिस का कहना है की आरोपी ने छत्र को बेचने की कोशिश की। लेकिन किसी सराफा कारोबारी ने मंदिर का छत्र खरीदने से इनकार कर दिया।
एसपी धर्मराज मीना ने बताया की शैलेष वर्मा शातिर बदमाश है। उस पर सात मामले दर्ज हैं। पूछताछ कर आगे की कार्यवाई की जा रही है।