बेटी को किताबें न मिलने से नाराज़ पिता ने काटा बवाल, पेट्रोल लेकर पानी की टंकी पर पहुंचा, देने लगा धमकी !
बेटी को किताबें नहीं मिली तो नाराज़ पिता ने जमकर बवाल काटा, वह पेट्रोल की बोतल लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। जो वहां से कूदने और जान देने की बात करने लगा। ये देख आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गयी। वह करीब 20 घंटे तक टंकी पर ही डटा रहा। जिससे पुलिस और प्रशासन की रात भर जान हलक में रही। तस्वीरें एमपी के शिवपुरी जिले की हैं। बताया जा रहा है की पिछोर एसडीएम कार्यालय के सामने अचानक हड़कंप की स्थिति बन गयी। एक युवक पेट्रोल की बोतल लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। अनुमति न मिलने और प्रशासनिक उपेक्षा से नाराज युवक ने जमकर हंगामा किया।
युवक मनपुरा गांव का रहने वाला दिनेश सगर ग्रेजुएट है। उसकी बेटी मनपुरा के सरकारी स्कूल में कक्षा 6वीं की छात्रा है। दिनेश का आरोप है कि चालू शैक्षणिक सत्र आधा बीतने को है। लेकिन अभी तक उसकी बेटी को पूरी किताबें नहीं मिली हैं। उसने सरकारी स्कूल में मिलने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और शिक्षकों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उसका मानना है कि जब उसकी बेटी इन समस्याओं से जूझ रही है। तो पूरे जिले के अन्य बच्चों का भी यही हाल होगा।
बताया गया की दिनेश ने सरकारी स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों की बदहाली से व्यथित होकर गांव-गांव जाकर शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुधारों पर 22 दिनों की जन-जागरूकता यात्रा निकालने का निर्णय लिया था। उसने प्रशासन से विधिवत अनुमति मांगी। लेकिन अनुमति न मिलने से वह आहत हो गया। वह बीते गुरुवार को दोपहर में अचानक एसडीएम कार्यालय के सामने बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। जिससे पुलिस और प्रशासन की सांसें फूल गई। फिलहाल उसे समझाइश दी जा रही थी। प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद था। खबर पढ़े जाने तक युवक नीचे नहीं आया था।------