सागर-जैसीनगर में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सुनीं समस्याएं, बोले आपका विश्वास हमारी जिम्मेदारी
सागर जिले के जैसीनगर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के साथ कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत CEO सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं और आवेदन अधिकारियों के सामने रखे। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार में जनसेवा और जनकल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान केवल लोगों की समस्याएं सुनने का मंच नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच विश्वास मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि हर शुक्रवार शिविर आयोजित किए जाएंगे और यह अभियान जनवरी तक जिला एवं विकासखंड स्तर पर जारी रहेगा।
इन शिविरों में आयुष्मान कार्ड, संबल कार्ड, लाड़ली बहना, प्रधानमंत्री आवास और सीएम हेल्पलाइन 181 सहित विभिन्न योजनाओं और शिकायतों से जुड़ी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी जरूरतमंद लोगों को शिविर तक पहुंचाने की अपील की। गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को छोटे-बड़े कामों के लिए अनावश्यक सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सुरखी विधानसभा को अपना परिवार बताते हुए मंत्री ने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ गांव-गांव विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद की समस्या का समाधान होना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वहीं कलेक्टर प्रतिभा पाल ने प्राकृतिक खेती के साथ स्वच्छता और जनसहयोग से गांवों के विकास पर जोर दिया।
एसपी अनुराग सुजानिया ने छोटे विवादों के समाधान में ग्राम पंचायत और बुजुर्गों की सहभागिता बढ़ाने की बात कही और कहा कि पुलिस 24 घंटे जनता की सेवा के लिए उपलब्ध है। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष रामबाबू ठाकुर समेत जनप्रतिनिधि, सरपंच, जिला पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। शिविर के जरिए सरकार ने जनता की बात सीधे सुनने और समाधान तक पहुंचाने का संदेश दिया।