Sagar- पेड़ के नीचे मिले 20 साल पुराने 5 बम ! एक में विस्फोटक की आशंका, आर्मी टीम ने किया डिफ्यूज
सागर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बमोरी बीका गांव में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पेड़ के नीचे बम जैसी 5 संदिग्ध वस्तुएं पड़ी मिलीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्मी की डिस्पोजल एक्सपर्ट टीम को बुलाया गया। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे ग्राम सरपंच ने सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ठाकुर को सूचना दी कि गांव के पास पेड़ के नीचे कुछ बम जैसी वस्तुएं दिखाई दे रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित कर आर्मी यूनिट को जानकारी दी गई।
इसके बाद आर्मी की डिस्पोजल एक्सपर्ट टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वस्तुओं की जांच की। जांच में सामने आया कि वहां बम की कैप के पांच अवशेष मिले थे। आर्मी टीम के अनुसार, इनमें से चार पहले ही डिफ्यूज हो चुके थे, जबकि एक कैप संदिग्ध थी और उसमें विस्फोटक होने की आशंका थी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आर्मी टीम ने संदिग्ध बम को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिस्पोज कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद अवशेष करीब 20 साल पुराने बताए जा रहे हैं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ठाकुर ने बताया कि बमोरी बीका का इलाका फायरिंग रेंज के आसपास है। फायरिंग अभ्यास के दौरान इस्तेमाल किए गए पुराने एम्युनिशन के अवशेष कई बार आसपास के क्षेत्रों में मिल जाते हैं। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले भी इसी तरह का पुराना एम्युनिशन मिला था। थाना प्रभारी के मुताबिक, यह नया एम्युनिशन नहीं है और सामान्य परिस्थितियों में इनके फटने की संभावना बेहद कम होती है। हालांकि, सुरक्षा को देखते हुए संदिग्ध अवशेष को विशेषज्ञों की मौजूदगी में डिस्पोज किया गया।
बम मिलने की खबर से गांव में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा, लेकिन आर्मी टीम की कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना ने एक बार फिर फायरिंग रेंज के आसपास पड़े पुराने एम्युनिशन के अवशेषों को लेकर सुरक्षा और निगरानी की जरूरत को सामने ला दिया है।