सरकारी कार्यालय में घुसे ABVP कार्यकर्ताओं ने काटा बवाल,आयुक्त से की धक्का-मुक्की,जमकर हुआ हंगामा !
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) कार्यालय में घुसकर जमकर हंगामा किया। आरोप है की आयुक्त के चैंबर में घुसते हुए धक्का मुक्की कर उनसे अभद्रता की गयी। जिससे माहौल बिगड़ गया। परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गयी। वहीं कर्मचारियों में दहशत फ़ैल गयी। ये पूरा घटनाक्रम राजधानी भोपाल स्थित डीपीआई कार्यालय में हुआ। जिसका वीडियो भी सामने आया है।
हंगामे की सूचना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची थी। बताया गया की अधिकारी द्वारा एफआईआर की तैयारी की जा रही थी। लेकिन रात करीब नौ बजे एबीवीपी के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आयुक्त से माफी मांगी। जिससे पुलिस में शिकायत नहीं की गयी। एबीवीपी कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए आयुक्त अभिषेक सिंह के कक्ष में घुसे थे।
बताया गया की प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आयुक्त के कक्ष में प्रवेश कर अभद्रता और हिंसा के प्रयास जैसी स्थिति पैदा की। जिससे सरकारी काम प्रभावित हुआ। घटना के बाद लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारी-कर्मचारी लामबंद हो गए। उन्होंने आपात बैठक कर घटना की निंदा की। वहीं चेतावनी देते हुए शुक्रवार से सविनय कार्य अवज्ञा आंदोलन शुरू करने की बात कही थी।
डीपीआई अधिकारी पुलिस में लिखित शिकायत करने की तैयारी में थे। पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। रात करीब नौ बजे एबीवीपी के वरिष्ठ पदाधिकारी डीपीआई पहुंचे और आयुक्त से बातचीत कर माफी मांगी। जिसके बाद एफआईआर नहीं कराई गई।
दरअसल प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा पास कर चुके कुछ अभ्यर्थियों को चयन सूची में जगह नहीं मिली है। आवेदन करते समय इन लोगों के पास बीएड या डीएलएड की डिग्री नहीं थी। अभ्यर्थियों की माने तो आवेदन के समय नियमावली में बीएड-डीएलएड अंतिम वर्ष के अभ्यर्थियों के लिए छूट थी। बाद में विभाग ने नियमों में बदलाव कर दिया। ये लोग पिछले 12 दिनों से डीपीआई के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। जिनके समर्थन में एबीवीपी कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंचे थे। तभी विवाद हुआ।