प्रसूता की मौत के बाद अंतिम संस्कार में पहुंची महिला, बोली मैंने ही मारा है ! दावे से मचा हड़कंप
एक प्रसूता की मौत के बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं, तभी एक महिला के सनसनीखेज दावे ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। शव के पास पहुंची महिला ने कथित तौर पर कहा कि ‘मैंने ही उसे मौत के घाट उतारा है।’ इतना ही नहीं, महिला ने बच्चे की हत्या कर बदला पूरा करने की बात भी कही। महिला के इस बयान के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक एमपी के उमरिया जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई थी। हालत गंभीर होने पर उसे शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में प्रसूता ने दम तोड़ दिया।
मौत के बाद शव को गांव लाया गया, जहां अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान गांव की ही एक महिला अचानक वहां पहुंची और शव के पास खड़े होकर कथित तौर पर मृतका की मौत की जिम्मेदारी खुद लेने लगी। महिला के मुंह से निकले इन शब्दों को सुनकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। उसने कथित तौर पर कहा कि उसने ही प्रसूता को मारा है और बच्चे की हत्या कर अपना बदला पूरा किया है।
महिला के इस दावे के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। गुस्साए ग्रामीणों ने महिला को पकड़ लिया और उसे रोककर रखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि महिला ने वास्तव में प्रसूता की हत्या की है या उसका दावा किसी अन्य मानसिक अथवा व्यक्तिगत विवाद से जुड़ा है, यह जांच का विषय है।
पुलिस महिला के बयान, मृतका की मौत की परिस्थितियों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल प्रसूता की मौत और महिला के सनसनीखेज दावे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि महिला के दावे में कितनी सच्चाई है और प्रसूता की मौत की वास्तविक वजह क्या थी। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।