सागर- खुरई में अज्ञात ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवकों को मारी टक्कर, दो लोग पहुंचे अस्पताल
सागर जिले के खुरई के खिमलासा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। गोदू विजयपुरा के पास अज्ञात ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीसरे युवक को मामूली चोट आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रैक्टर चालक वाहन समेत फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक, दुगाहाकलां निवासी अरविंद अहिरवार, मानसिंह अहिरवार और एक अन्य युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान गोदू विजयपुरा के पास अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अरविंद और मानसिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे।
राहगीरों की नजर जब घायलों पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल मदद की और अपने वाहनों से दोनों को सिविल अस्पताल खुरई पहुंचाया। अस्पताल में जांच के दौरान अरविंद अहिरवार की गर्दन और मानसिंह अहिरवार के पैर में फ्रैक्चर पाया गया। दोनों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर रेफर कर दिया।
लेकिन रेफर किए जाने के बाद घायलों को सागर ले जाने के लिए 108 एम्बुलेंस का इंतजार करना पड़ा। मददगारों का आरोप है कि कई बार फोन करने के बावजूद करीब एक घंटे तक एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान घायलों की हालत बिगड़ने लगी। आखिरकार सिविल अस्पताल खुरई की एम्बुलेंस से दोनों घायलों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर भेजा गया। उधर, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार है। पुलिस ने अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद घायल मरीजों को समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के आरोप ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।