सागर- बाइक सवार दो शिक्षकों पर गि रे 33 केवी के बिजली पोल, बाल-बाल बची जा न! | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के बंडा क्षेत्र में बिजली लाइन के लिए लगाए जा रहे भारी-भरकम पोल अचानक बाइक सवार दो शिक्षकों के ऊपर जा गिरे। हादसे में दोनों शिक्षक बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि पोल सीधे उनके सिर पर नहीं गिरे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और दोनों शिक्षकों को उपचार के लिए बंडा सिविल अस्पताल ले जाया गया। मामला गनियारी के पास बिनेका रोड का है, जहां 33 केवी विद्युत लाइन के लिए पोल लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस लाइन का कनेक्शन डब्ल्यूआरडी विभाग द्वारा किया जाना है। इसी दौरान पोल लगाने में कथित लापरवाही सामने आई।
जानकारी के मुताबिक हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ शिक्षक राजेंद्र राजपूत अपने साथी शिक्षक हरि नारायण रावत के साथ बाइक से स्कूल जा रहे थे। दोनों जैसे ही बिनेका रोड पर पहुंचे, तभी सड़क किनारे लगाया जा रहा एक विद्युत पोल अचानक बाइक की ओर गिरने लगा। पोल शिक्षक राजेंद्र राजपूत के हेलमेट को छूता हुआ उनके सामने जा गिरा। अचानक हुए हादसे से पीछे बैठे शिक्षक हरि नारायण रावत बाइक से उछलकर दूर जा गिरे।
शिक्षक और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पहले पोल के साथ लगा दूसरा भारी पोल भी बाइक के पीछे जा गिरा। गनीमत रही कि दोनों शिक्षक पोल की चपेट में आने से बच गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों शिक्षकों को संभाला और इलाज के लिए बंडा सिविल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई है।
घटना के बाद पोल लगाने के काम में बरती जा रही सावधानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पोल सीधे बाइक सवार शिक्षकों के ऊपर गिर जाता, तो जानलेवा हादसा हो सकता था। हादसे ने एक बार फिर निर्माण और विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज एक पल की लापरवाही दो परिवारों के लिए बड़ी त्रासदी बन सकती थी। गनीमत रही कि इस हादसे में दो शिक्षकों की जान बच गई।