एक दर्जन वारदातों की खुली पोल; 12 लाख का माल बरामद, शारदा माता मंदिर चोरी का बड़ा खुलासा
एमपी के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ के प्रसिद्ध शारदा माता मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया है, जबकि पूछताछ में मंदिरों और सूने मकानों में चोरी की करीब एक दर्जन वारदातों का खुलासा होने का दावा किया गया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और एक कार समेत करीब 12 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। दरअसल, 24 और 25 जुलाई की दरमियानी रात बदमाशों ने शारदा माता मंदिर के कई ताले तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया था। चोर माता शारदा का चांदी का मुकुट, छत्र, सोने का लॉकेट, भगवान नरसिंह का मुकुट और छत्र समेत दानपेटी की नकदी ले गए थे। वारदात के बाद सीसीटीवी का डीवीआर भी उखाड़कर ले जाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद कार संदिग्ध हालत में मैहर की तरफ जा रही है। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोका। कार में राजा उर्फ मोहन साहू और उसकी पत्नी राजनंदनी साहू सवार मिले। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक दोनों ने अपने नाबालिग बेटे और सिवनी जेल में बंद साथी आदी उर्फ आदित्य बर्मन के साथ मिलकर कई चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों से चांदी के मुकुट, छत्र, कमरबंद, पायल, बिछिया, सोने का लॉकेट सहित अन्य सामान और सफेद स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। पुलिस के अनुसार गिरोह ने कटनी, सतना, सिवनी और दमोह सहित कई स्थानों के मंदिरों और सूने मकानों को निशाना बनाया। पुलिस का दावा है कि गिरोह वाहन से वारदात स्थल तक पहुंचता था। दो आरोपी ताले तोड़कर अंदर जाते, जबकि दो बाहर निगरानी करते थे। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी राजा पर 36, राजनंदनी पर 9 और आदी बर्मन पर 9 अपराध दर्ज हैं। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार बाल अपचारी की तलाश जारी है। पुलिस को पूछताछ में और वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। विजयराघवगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिर चोरी करने वाले गिरोह के नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा कसने का दावा किया गया है।