रातभर मूसलाधार बारिश, शहर से गांव तक जलमग्न, घरों में घुसा पानी, आज सभी स्कूल बंद
एमपी के रीवा में बारिश ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि शहर से लेकर गांव तक हालात बिगड़ गए। रातभर हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। दर्जनभर से ज्यादा मोहल्लों में बारिश का पानी घरों और दुकानों में घुस गया, जिससे लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, जिले की कई नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है और निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने लगे हैं।
रीवा शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों और निचले इलाकों में भी पानी जमा हो गया है। बिछिया, बीहर, टमस, बेलन और नैना नदी समेत कई जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
हालात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बाढ़ नियंत्रण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और संवेदनशील इलाकों के साथ नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।
लगातार हो रही अतिवृष्टि को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर आज यानी 20 अगस्त 2026 को रीवा जिले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालय बंद रखने का फैसला लिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के मुताबिक कक्षा 1 से 12वीं तक की कोई भी कक्षा नहीं लगेगी।
पहले नर्सरी से कक्षा 8वीं तक अवकाश घोषित किया गया था, लेकिन मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए अब कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए भी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश के बावजूद यदि कोई स्कूल खुला पाया गया या विद्यार्थियों को बुलाया गया, तो संबंधित विद्यालय के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल रीवा में बारिश का दौर जारी है और प्रशासन की नजर लगातार बदलते हालात पर बनी हुई है।