दो कपल पकड़े गए; पूछताछ के बाद परिजनों को सौंपा, लोहिया बाजार के फूड गैराज में पुलिस का छापा
एमपी के मुरैना शहर के लोहिया बाजार स्थित फूड गैराज फैमिली रेस्टोरेंट में बुधवार को पुलिस की छापामार कार्रवाई से हड़कंप मच गया। पुलिस को रेस्टोरेंट में देह व्यापार जैसी गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक पुलिस जब शारदा कॉम्प्लेक्स स्थित फूड गैराज रेस्टोरेंट पहुंची, तो वहां एक कपल एक कमरे में बैठा मिला। वहीं, एक अन्य युवक और युवती रेस्टोरेंट में बैठकर नाश्ता करते हुए मिले। पुलिस ने दोनों कपल को मौके से पकड़कर पूछताछ के लिए कोतवाली थाने पहुंचाया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पुलिस कर्मचारी से रेस्टोरेंट में आने वाले लोगों, कमरों के इस्तेमाल और वहां संचालित गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों को नोटिस भी जारी किए जा सकते हैं।
पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद पकड़े गए युवक-युवतियों के परिजनों को भी थाने बुलाया गया। पुलिस ने उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया और समझाइश दी। इसके बाद दोनों कपल को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस टीम रेस्टोरेंट में जांच करती नजर आ रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
रेस्टोरेंट में वास्तव में किसी तरह की अनैतिक गतिविधि संचालित हो रही थी या मामला कुछ और था, इसका खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही होगा।