नर्मदा उफान पर, मंदिर-सीढ़ियां जलमग्न, शिवलिंग पर मां नर्मदा का जलाभिषेक, कलेक्टर ने जारी की अपील
मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नर्मदा नदी और उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने से नर्मदा किनारे बने कई घाट, मंदिर और सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच नर्मदा का रौद्र और आस्था से जुड़ा अद्भुत रूप देखने को मिल रहा है। घाटों पर पानी पहुंचने के बाद कई मंदिरों की सीढ़ियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। इसी बीच एक ऐसा नजारा भी सामने आया है, जिसमें मां नर्मदा का पानी शिवलिंग तक पहुंचकर प्राकृतिक रूप से जलाभिषेक करता नजर आ रहा है। नर्मदा के बढ़ते जलस्तर के बीच सामने आए इस दृश्य को लोग आस्था और प्रकृति के अद्भुत संगम के रूप में देख रहे हैं। इसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में हैं।
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बुधवार को जोगीटिकरिया स्थित नर्मदा नदी पुल और डिंडोरी स्थित पुल, नर्मदा डेम घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने नदी के बढ़ते जलस्तर के साथ पुल और घाट की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए और लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। बेहद जरूरी होने पर ही सावधानी के साथ आवागमन करें। प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकने की सलाह दी गई है।
कलेक्टर ने कहा कि जिलेवासी सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी विपरीत परिस्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस अधिकारियों को दें। फिलहाल नर्मदा के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और लगातार बारिश के बीच लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।