दिन में सामान बेचने के बहाने रैकी रात में चोरी, लाखों के जेवर डेढ़ लाख समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
किराए के मकान में रहकर कुछ बदमाश दिन में सामान बेचने के बहाने रैकी किया करते थे। और रात में औजारों की मदद से घरों के ताले चटकाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। मामले में पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है जिनके पास से ग्यारह लाख से ज्यादा के जेवर और डेढ़ लाख की नगदी बरामद की गयी है। ये बड़ी कार्यवाई उज्जैन जिले की भाटपचलाना पुलिस ने की है। चोरों से दो बाइकें चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी जब्त किये गए हैं।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया की शातिर चोरों ने मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पंद्रह से ज्यादा चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है की पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ग्यारह लाख सत्ताईस हजार रुपये का चोरी का माल बरामद किया है। इसमें करीब साढ़े तीन किलोग्राम चांदी के जेवर, एक लाख 52 हजार रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार शामिल हैं।
बताया गया की आरोपी शिवपुरी, मुरैना, ग्वालियर, पन्ना और उज्जैन में चोरी की वारदातें कर चुके हैं। पुलिस सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची। गिरफ्तार किये जाने के बाद हुई पूछताछ में सामने आया की आरोपी मुरैना जिले के रहने वाले हैं जो उज्जैन में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। चोर दिन में सामान बेचने के बहाने घरों की रैकी करते थे और रात में बोल्ट कटर, टामी, पेचकस और सब्बल से ताले तोड़कर चोरी करते थे। गिरफ्तार चोरों में राहुल उर्फ बल्ली, अंकित, विजय, पन्नालाल और एंदल सिंह शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों का खुलासा करने में जुटी है।