अनशन पर बैठे कांग्रेस विधायक की बिगड़ी हालत, चार दिन बाद हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, पहुंचे कई बड़े नेता
कांग्रेस विधायक करीब चार दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। वह सिर्फ पानी ही ग्रहण कर रहे हैं। भोजन छोड़ने से अब उनकी हालत बिगड़ने लगी है। चार दिन बाद प्रशासन ने सुध ली और मौके पर पहुंचे डॉक्टरों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। जहां विधायक का शुगर लेवल कम निकला तो ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ निकला। तस्वीरें एमपी के शिवपुरी जिले के कैलारस की हैं। जहां विधायक पंकज उपाध्याय का अनशन जारी है। आमरण अनशन के चौथे दिन विधायक का हाल चाल जानने कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह समेत कई अन्य विधायक पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता पहुंचे। सभी ने उनकी मांगों का समर्थन किया। साथ ही उनके साथ खड़े रहने की बात भी कही।
इस दौरान कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा की कैलारस शक्कर कारखाने को चलाने के लिए पंकज उपाध्याय आमरण अनशन कर रहे हैं। उनकी आवाज को मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के सामने रखेंगे। कैलारस और राघौगढ शक्कर कारखाने की संयुक्त लड़ाई उनके साथ लड़ेंगे।
दरअसल बताया गया की किसानों के हक और कैलारस शक्कर कारखाने को दोबारा शुरू कराने समेत कारखाने की संपत्तियों के हस्तांतरण के विरोध में विधायक पंकज उपाध्याय का आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी है। लगातार चार दिनों से विधायक केवल पानी ग्रहण कर अनशन पर बैठे हुए हैं। तीन दिनों तक विधायक के पास कोई भी जिम्मेदार या प्रशासनिक अधिकारी उनका हाल जानने नहीं पहुंचा था। न स्वास्थ्य परीक्षण के लिए डॉक्टरों की टीम पहुंची थी। जबकि उनकी हालत बिगड़ती जा रही थी।
आमरण अनशन के चौथे दिन पूर्व मंत्री और विधायक जयवर्धन सिंह, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष ग्वालियर और मुरैना जिले से भी कई बड़े नेता मौके पर पहुंचे जहां सभी ने किसानों की मांगों का समाधान करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा की किसानों और जनता के समर्थन से ही विधायक को शक्ति मिल रही है। उन्होंने आंदोलन के सफल होने की बात कही। वहीं सबलगढ़ के पूर्व विधायक बैजनाथ कुशवाह ने कहा की पंकज उपाध्याय बीजेपी की अन्यायपूर्ण सरकार के विरुद्ध न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। जिसमें जीत न्याय की होगी। वहीं अन्य नेताओं ने कहा की पंकज उपाध्याय के साथ हर कदम पर साथ खड़े हैं। फिलहाल विधायक का डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है उनका अनशन जारी है। प्रशासन द्वारा क्या कदम उठाये जाते हैं ये देखने वाली बात होगी।------