Sagar- बंद कार को लॉक कर मैकेनिक को लेने गए, वापिस आये तो कार आग में भड़क उठी, सड़क पर जली कार
सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र के चीमाढाना में सड़क किनारे खड़ी हुई कार में अचानक आग लग गयी और वाहन धू-धू कर जल उठा। अचानक कार बंद होने के बस इसके मालिक दूसरे वाहन से मैकेनिक को लेने देवरी पहुंचे थे। लेकिन जब वापिस लौटे तो दंग रह गए। क्योंकि कार आग की लपटों से घिरी हुई थी।
जब तक उस पर काबू पाया जाता या कुछ समझ में आता कार पूरी तरह से जल चुकी थी। देखते ही देखते कुछ ही देर में कार पूरी तरह से जलकर ख़ाक हो गयी। ये घटना नेशनल हाईवे 44 स्थित चीमाढाना के पास हुई। सूचना मिलने के बाद डायल 112 मौके पर पहुंची थी। फिलहाल आगजनी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वाहन मालिक सागर के संजय नगर निवासी देवेंद्र साहू हैं।
दरअसल हुआ कुछ ये था की देवेंद्र साहू अपनी कार से अलसुबह करीब साढ़े चार बजे सागर तरफ जा रहे थे। चीमाढाना के पास एक ढाबे के नजदीक पहुंचे ही थे की कार अचानक से बंद हो गयी। उन्होंने काफी प्रयास किये लेकिन कार स्टार्ट नहीं हुई। जिसके बाद उन्होंने वाहन को लॉक किया और दूसरे वाहन से मिस्त्री को लेने देवरी पहुंचे। लेकिन जब कुछ देर बार वह मैकेनिक को लेकर वापस लौटे तो हैरान रह गए। क्योंकि कार में आग लगी हुई थी और तेज लपटें उठ रही थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। जिस पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।
कार मालिक देवेंद्र साहू से मिली जानकारी के मुताबिक कार बहुत ज्यादा पुरानी नहीं थी। ये 2020 का मॉडल है। जो उनके बेटे नमन साहू के नाम पर पंजीकृत है। कार की कीमत सात लाख रुपये से ज्यादा बताई गई। फिलहाल आग लगने का कारण साफ नहीं है। पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।