हाईवे के पैलेस में पुलिस की रेड, 3 युवतियां और युवक पकड़ा, 3-4 लोग मौके से फरार
नेशनल हाईवे-44 स्थित कान्हा पैलेस में कथित देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एमपी के मुरैना जिले की नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया के नेतृत्व में सोमवार दोपहर पुलिस टीम ने पैलेस में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवतियों और एक युवक को पकड़ा है। वहीं पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा को सूचना मिली थी कि सैयद नहर के पास स्थित कान्हा पैलेस में देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और कार्रवाई की रणनीति तैयार की।
बताया गया कि पैलेस प्रबंधन की कथित सहमति से कुछ लोगों द्वारा युवतियों को यहां बुलाया जाता था और ग्राहकों की मांग पर उन्हें उपलब्ध कराने की बात सामने आई थी। इसके बदले ग्राहकों से मोटी रकम वसूलने की जानकारी पुलिस को मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद एसपी ने सीएसपी दीपाली चंदौरिया को कार्रवाई के निर्देश दिए। सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे कोतवाली, स्टेशन रोड और सिविल लाइन थाना पुलिस के बल के साथ सीएसपी कान्हा पैलेस पहुंचीं और अचानक दबिश दी।
पुलिस कार्रवाई के दौरान तीन युवतियों के साथ कथित एजेंट सोनू राठौर निवासी इस्लामपुरा को पकड़ा गया। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर मौजूद तीन से चार लोग भाग निकले। पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान और उनके पते की जानकारी जुटाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ देह व्यापार से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि करीब दस दिन पहले मुड़ियाखेड़ा बाईपास स्थित एक अन्य पैलेस से जुड़ी कार्रवाई में भी पुलिस ने एक युवती को सुरक्षा में थाने लाया था। उस मामले में पांच लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया गया था। इसी दौरान हाईवे के होटल और पैलेसों में संदिग्ध गतिविधियों की आशंका की जानकारी भी पुलिस तक पहुंची थी। कान्हा पैलेस में हुई ताजा कार्रवाई के बाद हाईवे स्थित होटल और पैलेसों में पुलिस की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।