पलक झपकते ही लूट करता था गिरोह, पकड़ा गया मुख्य सरगना, लूट के दो लाख बरामद
पलक झपकते ही चोरी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लूट के मामले में पुलिस ने गिरोह को बेनकाब करते हुए उसके मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। दो लाख रूपये की लूट के इस मामले में पुलिस ने राशि भी बरामद की है। मामला पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र का है। जहां पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया की कड़िया सांसी गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। बाकि तीन आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी को दबोचने राजगढ़ और अशोकनगर में डेरा डाला था। जिसके पास से राशि और मोबाइल भी बरामद किया है।
बताया गया की ये पूरी घटना बीते 7 अगस्त की है। अमानगंज निवासी जसवेन्द्र सिंह परमार बैंक से 2 लाख रुपये निकालकर अपनी ऑल्टो कार के डैशबोर्ड में रखकर गैस गोदाम गए थे। सिर्फ 5 मिनट के अंदर शातिर चोरों ने कार के डैशबोर्ड से रकम पार कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी। जहां सीसीटीवी फुटेज और साइबर ट्रैकिंग की मदद से पुलिस ने महज 6 घंटे के अंदर संदिग्धों की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस टीम ने राजगढ़ और अशोकनगर जिलों में 3 दिनों तक घेराबंदी कर मुख्य आरोपी विष्णु कुमार सांसी को गिरफ्तार किया।
एडिशनल एसपी वंदना सिंह चौहान के मुताबिक यह गिरोह बैंकों और शादी-समारोहों के बाहर रेकी कर पलक झपकते ही चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर 3 अन्य आरोपियों की भी पहचान की गई है। जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-