परिवार के सदस्य सोते रहे, घर में घुसे चोर अलमारी से नगदी-जेवर ले उड़े, CCTV आया सामने
परिवार गहरी नींद में सोता रहा और घर में घुसे चोरों ने आसानी से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर अलमारी का लॉक तोड़कर नगदी समेत जेवर लेकर चंपत हो गए। चोर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए हैं। जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। घटना इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र से सामने आई है। मामले में हैरानी की बात ये है की परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में सोते रहे और चोर आसानी से घर में घुसने के बाद चोरी कर फरार हो गए। सामने आये सीसीटीवी में दो चोर बाइक से आते हुए नज़र आ रहे हैं।
घटना को लेकर बताया जा रहा है की बीती रात चोरों ने पहले घर का दरवाजा खोला। इसके बाद किचन के दरवाजे की खिड़की से हाथ डालकर अंदर से कुंडी खोली और घर में घुस गए। इसके बाद एक कमरे में पहुंचे और अलमारी का लॉक तोड़ दिया। चोरों ने अलमारी में रखी नगदी और जेवर समेत अन्य सामान पर हाथ साफ़ कर दिया। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जो शिकायतकर्ता ने पुलिस को सौंपे हैं।
जानकारी के मुताबिक जब चोर वारदात को अंजाम दे रहे थे तब परिवार के ही सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे जिन्हे ज़रा भी भनक नहीं लगी। बताया गया की फरियादी की शिकायत पर हीरानगर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान कर पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।------