बच्चों ने रोक लिया मंत्री का काफिला और सुना दी समस्याएं, मंत्री को भी उतरना पड़ा नीचे !
राज्य मंत्री अपने काफिले के साथ आगे बढ़ रहे थे। तभी उनके सामने कई सारे बच्चे आ गए जिन्होंने मंत्री का काफिला रोक लिया। साथ ही समस्याओं से अवगत कराते हुए मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराये जाने की मांग रखी। इस दौरान बच्चों ने सड़क निर्माण, स्कूल, बॉउंड्री बॉल समेत कई अन्य समस्याओं को लेकर बात कही। तस्वीरें छतरपुर जिले के चंदला क्षेत्र की हैं। जहां स्थानीय विधायक और राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार का बच्चों ने काफिला रोका। तो उन्होंने भी बात को सुना और उन्हें आश्वासन दिया। ये मामला अब जबरदस्त चर्चाओं में बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक बच्चों ने सड़क निर्माण और सड़क की बेहतर व्यवस्था की मांग उठाई। उनका कहना था कि क्षेत्र में आवागमन को लेकर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है विद्यार्थियों को भी स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है। साथ ही माध्यमिक स्कूल बसराही में बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। स्कूल परिसर की सुरक्षा और बच्चों की सुविधा के लिए बाउंड्री बॉल को जरूरी बताया। छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और अन्य गतिविधियों को लेकर स्कूल में बिजली व्यवस्था की बात कही।
इस दौरान मंत्री दिलीप अहिरवार ने भी उनकी बात सुनी और समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। वहीं मंत्री का कहना था की बच्चों ने सड़क की बात कही थी जिसका जल्द ही निर्माण कराया जाएगा।------