नदी में चलते समय बंद हुआ स्टीमर का इंजन,तेज बहाव में बह गया, करीब डेढ़ सौ यात्रियों की जान आई हलक में
नदी की तेज धार में चलते समय अचानक से स्टीमर बंद हो गया जो धार के साथ बह गया। इस दौरान हड़कंप मच गया। साथ ही उस पर सवार 100 से ज्यादा यात्रियों में चीख पुकार मच गयी। लोग बुरी तरह घबरा गये। स्टीमर बहते हुए एक घाट किनारे पहुंचा तब कहीं लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना एमपी के मुरैना जिले की पोरसा तहसील के नगरा घाट की है। स्टीमर में बड़ी संख्या में कांवड़िये सवार थे।
बताया जा रहा है की चंबल नदी के बीच मझधार में स्टीमर का इंजन अचानक बंद हो गया। जिस पर सौ से ज्यादा यात्री सवार थे। इंजन बंद होने के बाद स्टीमर तेज बहाव में बहने लगा। जिससे यात्री घबरा गए। बताया गया की स्टीमर का डीजल खत्म होने से इंजन बंद हुआ। वहीं दूसरी तरफ इसके इंजन के पंप के खराब होने की बात भी सामने आई। तकरीबन ढाई घंटे तक स्टीमर बहता रहा जो भिंड जिले के कक्षपुरा के घाट पर जाकर रुका।
मिली जानकारी के मुताबिक मुरैना जिले के नगरा घाट से सुबह के समय चंबल नदी में यात्रियों को लेकर स्टीमर रवाना हुआ था। जिसमें करीब 150 यात्री सवार थे। जिनमें अधिकांश कांवडिए थे। नगरा घाट से कांवड़ लेकर यात्री उत्तर प्रदेश के बटेश्वरा मंदिर पर गंगाजल चढ़ाने जा रहे थे। स्टीमर यूपी के केंजरा घाट पर जा रहा था। जैसे ही वह नदी की बीच धार में पहुंचा, तभी अचानक उसका इंजन बंद हो गया। और अफरा-तफरी मच गई। इंजन बंद होने से वह धार के बहाव में बहने लगा। जो काफी दूर पहुंच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और आपदा प्रबंधन ने मोर्चा संभाला। इस दौरान स्टीमर भिंड जिले के कक्षपुरा घाट पर जाकर लगा। जिससे सभी यात्री सुरक्षित बताए गए।
ऐसी भी जानकारी है की चंबल नदी के उफान पर होने से स्टीमर संचालित करने पावंदी लगाई गयी थी। लेकिन संचालन जारी था। जिससे अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं।------